October 25, 2026

शिकायतों के बाद देर रात कमलेश्वरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे विधायक रामकुमार टोप्पो

20260919_123137
Spread the love

ड्यूटी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी, कर्मचारियों को दी सख्त हिदायत

सीतापुर। मैनपाट क्षेत्र के कमलेश्वरपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने देर रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, डॉक्टर एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा ड्यूटी रोस्टर का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं और ड्यूटी को लेकर जानकारी भी ली।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सीधे तौर पर जनसेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। कई बार मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए निर्धारित ड्यूटी समय से इतर भी मानवीय संवेदना के साथ सेवा देने की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे समय में मरीजों की जरूरत को प्राथमिकता देते हुए तत्परता से सेवा उपलब्ध कराना स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी है।

विधायक ने अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि ड्यूटी, अस्पताल की देखरेख, साफ-सफाई अथवा मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में लापरवाही की शिकायत दोबारा प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी सेवाएं पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रदान करें, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

You may have missed

error: Content is protected !!