राजपुरी फुटबॉल फाइनल टूर्नामेंट में दिखा रोमांच और खेल भावना का शानदार संगम, विधायक रामकुमार टोप्पो ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
अंबिकापुर।(सीतापुर) भाजपा मंडल सीतापुर के ग्राम राजपुरी में आयोजित फुटबॉल फाइनल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में खेल के प्रति युवाओं का उत्साह, टीम भावना और जीत के लिए संघर्ष देखने को मिला।
कार्यक्रम में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामकुमार टोप्पो जी शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीम पेटला एवं उपविजेता टीम एरंड को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पुरस्कार और शील्ड प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विधायक श्री टोप्पो ने युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना को मजबूत करता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण से वे अपने गांव, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की।

प्रतियोगिता में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री त्रिलोचन सदावर्ती, विधायक प्रतिनिधि श्री श्रवण दास, शिक्षा प्रकोष्ठ एवं एमएलए एजुकेशन कोर के अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, एल्डरमैन श्री अनेश्वर गुप्ता, श्री ओम प्रकाश गुप्ता, श्री संतोष खेस, श्री विक्की गुप्ता सहित बूथ अध्यक्ष, सरपंच, उपसरपंच, भाजपा कार्यकर्ता, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
