सीतापुर में भू-माफिया और भ्रष्ट तंत्र पर विधायक रामकुमार टोप्पो का प्रहार: अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच के कड़े निर्देश, मिलाभगत पर नपेंगे अधिकारी
सीतापुर। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतों को लेकर स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो ने सख्त रुख अपनाया है। जनसुनवाई के दौरान पहुंचे पीड़ितों की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक ने न केवल संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच के निर्देश दिए, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधी चेतावनी भी दे डाली है

जनसुनवाई के दौरान आम जनता ने क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे अवैध जमीन कब्जे और सीमांकन में हो रही गड़बड़ियों का मुद्दा विधायक के सामने रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामकुमार टोप्पो ने तत्काल प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों को तलब किया और निष्पक्ष जांच के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अवैध कब्जे की साजिश में अगर शासन-प्रशासन का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विधायक टोप्पो ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में प्रशासनिक ढिलाई या अवैध कब्जे की स्थिति आगे चलकर पूरे गांव और नगर के लिए बड़े कानून-व्यवस्था के संकट का कारण बनती है। जमीन फर्जीवाड़े पर तुरंत रोक लगाने से जहां ग्रामीणों को अदालती चक्कर काटने से राहत मिलेगी, वहीं अवैध रूप से काबिज लोगों को भी भविष्य में गंभीर कानूनी और प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट हिदायत दी है कि मामलों को लटकाने के बजाय नियमानुसार त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी भू-माफिया कानून से ऊपर न समझे।
