बारिश और तेज हवा के बीच भी नहीं थमा फुटबॉल का रोमांच, बोदा में 16 दिवसीय प्रतियोगिता का भव्य समापन
विधायक राम कुमार टोप्पो के स्वागत में उमड़े ग्रामीण, देवरी बनी विजेता तो बोदा खास ने हासिल किया दूसरा स्थान
अंबिकापुर। ग्राम बोदा, बतौली में पिछले 16 दिनों से चल रही फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खराब मौसम, तेज बारिश और हवाओं के बावजूद खिलाड़ियों, युवाओं और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ग्राम देवरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि ग्राम बोदा खास की टीम उपविजेता रही। विधायक राम कुमार टोप्पो ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बारिश में भी मैदान पर डटे रहे खिलाड़ी और दर्शक
समापन समारोह की खास बात यह रही कि लगातार बारिश और तेज हवा भी खेल प्रेमियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में ग्रामीण छाता और रेनकोट लेकर मैदान में पहुंचे। बुजुर्गों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बालिकाओं तक ने बारिश के बीच फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।
मैदान में एक ओर खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ मुकाबला करते रहे, वहीं दूसरी ओर दर्शक लगातार अपनी पसंदीदा टीमों का हौसला बढ़ाते नजर आए।

विधायक के पहुंचते ही बढ़ा ग्रामीणों का उत्साह
विधायक राम कुमार टोप्पो के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह और बढ़ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनसे मिलने के लिए आगे आए। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ से “राम भैया-राम भैया” के नारे भी सुनाई दिए।
विधायक टोप्पो ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया।
खेल को बताया अनुशासन और टीम भावना का माध्यम
खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं मिलना जरूरी है।
उन्होंने SSSVR—शिक्षा, सुरक्षा, सुशासन, विकास और रोजगार के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवाओं से शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा और उचित अवसर मिलना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

विजेता और उपविजेता टीम को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, खिलाड़ियों और ग्रामवासियों को बधाई दी। उन्होंने विजेता देवरी और उपविजेता बोदा खास की टीम को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बारिश होती रही, हवा चलती रही, लेकिन मैदान में खेल का रोमांच और दर्शकों का उत्साह बना रहा। बोदा में आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की ऊर्जा की एक जीवंत तस्वीर बनकर सामने आई।
