सड़क-पुल निर्माण में गुणवत्ता पर विधायक टोप्पो सख्त, औचक निरीक्षण में मिलीं कमियां
मैनपाट में करोड़ों की लागत से चल रहे निर्माण कार्य का अचानक पहुंचे विधायक, अधिकारियों को तत्काल जांच और कार्रवाई के दिए निर्देश
मैनपाट। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट दौरे के दौरान क्षेत्र में चल रहे सड़क एवं पुल निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कमियां सामने आने पर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

दरअसल, मैनपाट के बरिमा से कुदरीडीह मार्ग पर लंबे इंतजार के बाद सड़क एवं पुल निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे इस निर्माण कार्य के पास से गुजरते समय विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपना काफिला रुकवाया और सीधे निर्माण स्थल पर पहुंच गए।

विधायक ने मौके पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां नजर आने पर उन्होंने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और निर्माण कार्य की जांच कर नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं
विधायक रामकुमार टोप्पो ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा के लिए स्वीकृत विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की राशि जनता के विकास के लिए खर्च हो रही है, इसलिए निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और टिकाऊ होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, निर्माण एजेंसी के काम की गुणवत्ता पर नजर रखने तथा तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
विधायक के औचक निरीक्षण से निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागीय अधिकारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। विधायक ने साफ संकेत दिया कि सड़क और पुल जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
