अंबिकापुर केंद्रीय जेल में छत्तीसगढ़ की पहली परिवार खुली जेल का शुभारंभ
डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया फैमिली ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन का उद्घाटन, बंदी अब परिवार के साथ रहकर करेंगे रोजगार
अंबिकापुर। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केंद्रीय जेल, अंबिकापुर में छत्तीसगढ़ की पहली परिवार खुली जेल (फैमिली ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन-OCI) का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत सहित जेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। परिवार खुली जेल की यह पहल बंदियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक अनूठा प्रयास मानी जा रही है।
परिवार के साथ रह सकेंगे बंदी
अंबिकापुर केंद्रीय जेल में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू की गई इस विशेष खुली जेल में प्रारंभिक चरण में दो बंदी अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। निर्धारित व्यवस्था के तहत ये बंदी सुबह रोजगार एवं विभिन्न कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जा सकेंगे और शाम को लॉकअप से पहले वापस जेल में लौटेंगे।

इस व्यवस्था की खास बात यह है कि पात्र बंदियों को अपने परिवार को भी साथ रखने की सुविधा मिलेगी। परिवार के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जेल विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।
पहले महीने का राशन जेल विभाग देगा, बाद में रोजगार से परिवार का भरण-पोषण
परिवार खुली जेल में रहने वाले बंदी और उनके परिवार को पहले माह का राशन जेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद बंदियों को स्वयं रोजगार कर अपने परिवार के लिए राशन एवं अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था करनी होगी।

इसके लिए जेल विभाग द्वारा बंदियों को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बंदियों के लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
आगे बढ़ाया जाएगा परिवार खुली जेल का दायरा
जेल विभाग के अनुसार, फिलहाल परिवार खुली जेल की शुरुआत सीमित स्तर पर की गई है। इसके अनुभव और परिणामों के आधार पर भविष्य में इस सुविधा के आकार और स्वरूप को और विस्तारित किया जाएगा।
परिवार खुली जेल की यह पहल बंदियों को परिवार से जुड़े रहने के साथ-साथ जिम्मेदारी, आत्मनिर्भरता और पुनर्वास का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
