आंधी-तूफान के बीच बैल चराने गए ग्रामीण पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर ही दर्दनाक मौत
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अचानक बदले मौसम के बाद तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश शुरू हो गई थी। इसी बीच ग्राम करम्हा पड़सीलिपारा का रहने वाला एक ग्रामीण अपने बैलों को चराने के लिए घर से बाहर निकला हुआ था। तभी अचानक कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे ग्रामीण के ऊपर आ गिरी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना तुरंत गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टमके लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।

