पुलिस आरक्षक और उसकी पत्नी पर 30 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
अंबिकापुर। गांधीनगर पुलिस ने जमीन खरीदने और पीडब्ल्यूडी के बकाया भुगतान का झांसा देकर 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस विभाग में पदस्थ एक आरक्षक और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर महिला से 30 लाख रुपये उधार लेने, रकम वापस न करने, फर्जी चेक देने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पटपरिया गांधीनगर निवासी अनुपमा सिंह (45), जो ‘अनुपमा मेक ओवर’ नाम से ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं, इन्होंने
इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में अंबिकापुर सीएसपी कार्यालय में वाहन चालक के पद पर तैनात आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अलका प्रताप सिंह ने घरेलू संबंधों का लाभ उठाते हुए जमीन खरीदने के नाम पर उनसे पैसे मांगे थे। आरोपियों ने विश्वास दिलाने के लिए कहा कि पीडब्ल्यूडी मुख्यालय, रायपुर में उनका 75 लाख रुपये का भुगतान लंबित है, जो जल्द ही प्राप्त होने वाला है।
चेक बाउंस और धमकी
पीड़िता के अनुसार, उन्होंने 11 जुलाई से 30 जुलाई 2023 के बीच किश्तों में कुल 30 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए। बार-बार मांगने के बावजूद आरोपी रकम लौटाने में टालमटोल करते रहे। मार्च 2025 तक उन्होंने केवल 10 लाख रुपये वापस किए। शेष 20 लाख रुपये चुकाने के लिए उन्होंने 10-10 लाख रुपये के दो चेक दिए, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि कानूनी नोटिस भेजने के बाद आरोपी अपनी बात से मुकर गए। उन्होंने पुलिस विभाग में अपने प्रभाव का हवाला देते हुए एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने शहर के अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह लाखों रुपये की ठगी की है।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने प्रवीण प्रताप सिंह और अलका प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीवट कर मामले की विवेचना कर रही है।
