डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
अंबिकापुर| कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारपूर्ण और अनुकरणीय कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विभाग ने “डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार-2026” हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। उप संचालक कृषि, सरगुजा ने जिले के सभी पात्र एवं प्रगतिशील किसानों से 31 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन जमा करने की अपील की है।

उप संचालक कृषि ने बताया कि यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रखर कृषक नेता डॉ. खूबचंद बघेल की स्मृति में प्रदान किया जाता है। इसका उद्देश्य कृषि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करना तथा अन्य किसानों को आधुनिक तकनीकों और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान कर सकते हैं आवेदन
पुरस्कार के लिए वे किसान आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने कृषि में नवाचार, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि यंत्रीकरण, जल संरक्षण, मूल्य संवर्धन या कृषि विपणन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो तथा जिनका कार्य अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी हो।

यहां से मिलेगा आवेदन पत्र
इच्छुक किसान आवेदन पत्र कार्यालय उप संचालक कृषि, अंबिकापुर अथवा अपने संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriportal.cg.nic.in पर भी उपलब्ध है।
ऐसे होगा चयन
प्राप्त आवेदनों की पहले विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा किसानों के खेतों का निरीक्षण और भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण कर जिले के अधिकतम तीन उत्कृष्ट किसानों का चयन किया जाएगा। चयनित किसानों के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से संचालनालय कृषि, रायपुर भेजे जाएंगे, जहां राज्य स्तर पर अंतिम चयन होगा।
1 नवंबर को होगा सम्मान
राज्य स्तर पर चयनित किसानों को 1 नवंबर 2026 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर कृषि भूमि की ऋण पुस्तिका, कृषि नवाचार से संबंधित फोटोग्राफ तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सरगुजा जिले के नवाचारी एवं मेहनती किसानों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम विकासखंड कृषि कार्यालय या उप संचालक कृषि कार्यालय, सरगुजा (अंबिकापुर) से संपर्क कर सकते हैं।
