अंबिकापुर: लक्ष्मीनारायण अस्पताल पर आयुष्मान कार्ड में कथित धोखाधड़ी का मामला, नकद और कार्ड दोनों से वसूली का आरोप
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गुदरी बाजार चौक स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल के खिलाफ आयुष्मान भारत योजना के तहत कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
बलरामपुर जिले के ग्राम गिरवानी निवासी विवेक जायसवाल ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उन्होंने 17 अप्रैल 2026 को अपने बड़े पिता राजेंद्र प्रसाद जायसवाल को पेट दर्द की शिकायत पर लक्ष्मीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने हृदय की नसों में ब्लॉकेज बताते हुए एंजियोप्लास्टी और तीन स्टेंट लगाने की सलाह दी।
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का खर्च आयुष्मान कार्ड से होने की बात कही, लेकिन बाद में यह कहते हुए कि आयुष्मान कार्ड ब्लॉक हो गया है, मरीज के परिजनों से दवाइयों सहित 1 लाख 60 हजार रुपये नकद जमा करा लिए।

आयुष्मान कार्ड से भी क्लेम लेने का आरोप
आवेदक का आरोप है कि बाद में आयुष्मान कार्ड की जानकारी निकलवाने पर पता चला कि अस्पताल प्रबंधन ने उसी इलाज के लिए कार्ड से भी 1 लाख 50 हजार 460 रुपये का भुगतान प्राप्त कर लिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अब तक मरीज को केवल दो स्टेंट लगाए गए हैं, जबकि तीन स्टेंट लगाने की बात कही गई थी।
बिल नहीं देने का भी आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई बार मांगने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का बिल उपलब्ध नहीं कराया। शिकायतकर्ता ने इसे मरीज और उसके परिजनों के साथ धोखाधड़ी बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज की FIR
अंबिकापुर पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच प्रधान आरक्षक जगसाय मरकाम को सौंपी गई है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि होगी।
