अंबिकापुर में आवारा सांड का कहर: पानी भर रही महिला को पटक कर मार डाला, अब मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? नगर निगम की लापरवाही पर उठे बड़े सवाल
अंबिकापुर। शहर में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार जानलेवा होता जा रहा है। ताजा मामला अंबिकापुर का है, जहां पानी भरने के दौरान एक महिला पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला को बुरी तरह पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।

इस दर्दनाक घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की सड़कों और मोहल्लों में खुलेआम घूम रहे आवारा सांड और मवेशी लंबे समय से लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन उन्हें पकड़ने और गौशाला भेजने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर निगम समय रहते आवारा मवेशियों पर कार्रवाई करता, तो एक महिला की जान बच सकती थी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मौत की जिम्मेदारी नगर निगम लेगा? आखिर कब तक शहरवासी आवारा मवेशियों के आतंक के साए में जीने को मजबूर रहेंगे?


घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों ने नगर निगम से तत्काल आवारा मवेशियों को पकड़ने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
