अंबिकापुर में आवारा मवेशियों का आतंक! नल पर पानी भर रही महिला को बैल ने दौड़ा-दौड़ाकर कुचला, हालत गंभीर, रायपुर रेफर
अंबिकापुर। शहर में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन नगर निगम की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। ताजा मामला शहर के भाथूपारा इलाके का है, जहां घर के बाहर नल से पानी भर रही एक महिला पर अचानक एक आवारा बैल ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैल ने महिला को दौड़ा-दौड़ाकर पटक दिया और बुरी तरह कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह महिला को बैल के चंगुल से बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा मवेशी अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं, लेकिन नगर निगम अब तक प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हुआ है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शहर में घूम रहे सभी आवारा मवेशियों को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए। साथ ही जिन पशुपालकों की लापरवाही से मवेशी सड़कों पर छोड़े जा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और जुर्माना भी लगाया जाए।
लोगों का कहना है कि यदि नगर निगम ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। अब सवाल यह है कि आखिर आम लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाली इस समस्या पर प्रशासन कब तक चुप्पी साधे रहेगा?
