अग्रवाल सम्मेलन का सेवा अभियान शुरू: 325 विद्यार्थियों को छाते वितरित, वृहद वृक्षारोपण के साथ वॉटर कूलर देने की घोषणा
अंबिकापुर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (छत्तीसगढ़ प्रांत) की सरगुजा इकाई ने जिले में सेवा और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृहद छाता वितरण एवं वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान 16 जुलाई से प्रारंभ होकर जिलेभर में लगातार संचालित किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, संरक्षक अजय अग्रवाल एवं कृष्ण कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंघानिया और प्रदेश उपमहामंत्री विकास अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर (अंबिकापुर) में अभियान का शुभारंभ जिला अध्यक्ष अजीत अग्रवाल और जिला महामंत्री कृष्ण गर्ग की अगुवाई में हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 325 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क छाते वितरित किए गए, साथ ही मिष्ठान वितरण एवं विद्यालय परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक अजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया। वहीं प्रदेश उपमहामंत्री विकास अग्रवाल ने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सेवा कार्यों और सामाजिक उद्देश्यों की जानकारी देते हुए मानव सेवा के लिए सभी को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य अमरदीप गुप्ता ने विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वॉटर कूलर की मांग रखी। इस पर प्रदेश उपाध्यक्ष हरविंद अग्रवाल (जय दुर्गा परिवार, लखनपुर) ने तत्काल विद्यालय को वॉटर कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिसका उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिससे भविष्य में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि प्राचार्य अमरदीप गुप्ता ने अग्रवाल सम्मेलन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्याख्याता राम लखन यादव ने किया।

इस अवसर पर कृष्ण अग्रवाल (प्रदेश उपाध्यक्ष), हरविंद अग्रवाल (प्रदेश उपाध्यक्ष), मुकेश अग्रवाल (प्रदेश संगठन मंत्री), जी.डी. अग्रवाल (प्रदेश मंत्री), श्रीनिवास केडिया, सुनील अग्रवाल (लखनपुर), सुनील अग्रवाल (सुनील ऑटो), अमित अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, दिनेश गोयल, प्रदीप सिंघल सहित अग्रवाल सम्मेलन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार से रंजना सिंह, चंदा श्रीवास्तव, सोनिया सिन्हा, योगेंद्र चौबे, रितेश तिवारी, नम्रता गुप्ता, विजय त्रिपाठी, अर्जुन बंजारे, के.के. सिंह, अनीता कुजूर, अंस्तासियुश कुजूर, ललित मोहन, राजमणि मिश्रा, दुर्गानंद गोंजे, प्रभु राम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
