शराब पीकर गांव में आना पड़ा भारी, ग्राम सभा ने 16 लोगों से वसूला 45 हजार रुपये जुर्माना
केवरा गांव में शराबबंदी के फैसले का दिखने लगा असर, निगरानी समिति ने पकड़े 16 लोग; ग्राम सभा में हुई कार्रवाई
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम केवरा में शराबबंदी को लेकर ग्रामीणों की पहल अब असर दिखाने लगी है। गांव में शराब बनाने, शराब पीने और शराब का सेवन कर दूसरे गांव से केवरा में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय के बाद निगरानी समिति सक्रिय हो गई है। समिति की कार्रवाई के बाद ग्राम सभा में 16 लोगों पर जुर्माना लगाया गया।

दरअसल, कुछ दिन पूर्व ग्राम केवरा में ग्राम सभा का आयोजन कर ग्रामीणों की मौजूदगी में गांव में शराबबंदी का निर्णय लिया गया था। इसके तहत शराब बनाने और पीने के साथ-साथ शराब पीकर दूसरे गांव से अपने गांव में आने पर भी रोक लगाई गई थी। नियमों का उल्लंघन करने वालों से अलग-अलग राशि में जुर्माना वसूलने का निर्णय भी ग्राम सभा में लिया गया था।

निगरानी समिति ने पकड़े 16 लोग
गांव में शराबबंदी के फैसले के बाद इसकी निगरानी के लिए समिति का गठन किया गया। बताया गया कि निगरानी समिति ने शराब का सेवन करने वाले 16 लोगों को पकड़ा और इसकी जानकारी ग्राम पंचायत केवरा के सरपंच को दी।
इसके बाद सरपंच की अगुवाई में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की मौजूदगी में मामले पर कार्रवाई की गई।

16 लोगों से 3-3 हजार रुपये का जुर्माना
ग्राम सभा में लिए गए निर्णय के अनुसार सभी 16 लोगों से 3-3 हजार रुपये, यानी कुल 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई के बाद गांव में शराबबंदी के फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ग्राम केवरा में ग्रामीणों द्वारा शराब के खिलाफ उठाए गए इस कदम की अब आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सामाजिक स्तर पर लिए गए ऐसे फैसलों और उनकी निगरानी से शराबखोरी पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
