भाजपा संगठन की बलरामपुर जिला कार्यशाला में विधायक रामकुमार टोप्पो बने मुख्य वक्ता, संगठन का जताया आभार
अंबिकापुर/बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के “समरसता संकल्प अभियान” के तहत संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बलरामपुर जिले में आयोजित संगठनात्मक कार्यशाला में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री रामविचार नेताम रहे।

कार्यशाला में विधायक रामकुमार टोप्पो ने संत गुरु रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा, आध्यात्मिक चेतना और मानव कल्याण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ऊंच-नीच, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ समाज को एकजुट करने का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि संत गुरु रविदास जी के आदर्शों और विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए तथा सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत किया जाए।
विधायक टोप्पो ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। सामाजिक समरसता ही एक मजबूत, संगठित और विकसित भारत की आधारशिला है।


कार्यक्रम के समापन पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते रहेंगे।
