IG के निर्देश पर सरगुजा पुलिस का बड़ा एक्शन: 13 बदमाशों की खुली कुंडली, 120 अपराधियों पर कसा शिकंजा, त्योहारों से पहले सरगुजा पुलिस अलर्ट मोड पर
अंबिकापुर। आगामी प्रमुख त्योहारों—गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सरगुजा पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटर्स का रिकॉर्ड खंगालकर उन पर सख्त कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

IG दीपक कुमार झा का कड़ा रुख: उपद्रवियों पर नहीं होगी कोई नरमी
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने अंबिकापुर के थाना कोतवाली, गांधीनगर, मणिपुर और यातायात प्रभारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। IG ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांतिभंग करने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई कोताही न बरती जाए। IG के कड़े रुख के बाद पुलिस अमला हरकत में आया और अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू की।
13 नए गुंडा फाइल दर्ज, 120 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में 13 आदतन बदमाशों के खिलाफ नई गुंडा फाइलें खोली गई हैं। इनमें थाना गांधीनगर द्वारा 10, थाना कोतवाली द्वारा 2 और थाना मणिपुर द्वारा 1 कार्रवाई की गई है। इसके अलावा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत कुल 120 लोगों पर शिकंजा कसा गया है, जिसमें धारा 126/135(3) के तहत 82, धारा 128 के तहत 4 और धारा 129 के तहत 34 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शामिल है।
स्टंटबाज़ों और चाकूबाज़ों पर रहेगी पैनी नज़र
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने, चाकूबाजी, रैश ड्राइविंग या स्टंटबाजी जैसे उपद्रव करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी। भविष्य में भी शहर की शांति कायम रखने के लिए यह अभियान जारी रहेगा।
आम नागरिकों से शांति और सौहार्द की अपील
कार्रवाई के साथ-साथ IG सरगुजा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सभी प्रमुख त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और सहयोगात्मक भावना के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
