July 28, 2026

सामान्य सभा में विधायक रामकुमार टोप्पो ने लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर

0
20260723_165225
Spread the love

अंबिकापुर/सरगुजा। जिला सामान्य सभा की बैठक में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में विधायक श्री टोप्पो ने महिला एवं बाल विकास विभाग में भर्ती प्रक्रिया को लेकर एकरूपता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संचालित हो, ताकि सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।

खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक श्री टोप्पो ने अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो, ताकि हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।

बैठक के दौरान उन्होंने मत्स्य विभाग से जिले में विगत वर्षों एवं वर्तमान में मछली पालन के लिए जारी किए गए टेंडरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

विधायक श्री टोप्पो ने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत वितरित साइकिलों की गुणवत्ता एवं कसावट को लेकर प्राप्त शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने जिला एवं विकासखंड स्तर के शिक्षा अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उल्लेख किया कि लगातार दूसरे वर्ष भी इस विषय को उन्होंने विद्यार्थियों के हित में प्रमुखता से उठाया है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। विधायक श्री टोप्पो ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता करने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी स्वयं विभागीय अधिकारी एवं इंजीनियर करें। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता संबंधी शिकायतें दोबारा मिलने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाए।

इसके अतिरिक्त जल संसाधन विभाग द्वारा डुबान प्रभावित परिवारों के लंबित मुआवजा प्रकरणों पर भी विधायक श्री टोप्पो ने जवाब तलब किया। उन्होंने लंबित मामलों के निराकरण की समय-सीमा तय कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक के समापन पर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!