July 29, 2026

अंबिकापुर में पुलिस सत्यापन पर कांग्रेस की दो टूक, “कार्रवाई करनी है तो पूरे शहर में करें, चुनिंदा इलाकों में नहीं”

20260711_163954
Spread the love

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने अंबिकापुर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों का नियमित सत्यापन आवश्यक है, लेकिन यह अभियान पूरे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से संचालित होना चाहिए।

परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, किरायेदारों का सत्यापन और थानों में मुसाफिरी दर्ज कराने की प्रभावी व्यवस्था शहर की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हाल ही में झारखंड के हत्या के आरोपी साबिर अली के लंबे समय तक अंबिकापुर में छिपे रहने और बाद में फरार होने की घटना ने पुलिस के सूचना एवं संपर्क तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता को उजागर किया है। उन्होंने इस मामले में झारखंड पुलिस की लापरवाही का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और सूचना साझा करने की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दूसरे जिले, दूसरे राज्य अथवा दूसरे देश से आकर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होना चाहिए तथा उनकी पूरी जानकारी स्थानीय पुलिस के रिकॉर्ड में उपलब्ध रहनी चाहिए। इसके साथ ही अंबिकापुर शहर की सभी प्रमुख प्रवेश सीमाओं पर नियमित वाहन जांच और निगरानी बढ़ाने की भी आवश्यकता है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि सत्यापन अभियान किसी एक शिकायत, ज्ञापन, वार्ड या मोहल्ले तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि पुलिस अभियान चला रही है तो उसे पूरे अंबिकापुर शहर के सभी वार्डों, सभी मोहल्लों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निष्पक्ष एवं समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। कानून सभी नागरिकों के लिए समान है, इसलिए उसकी प्रक्रिया भी समान और पारदर्शी दिखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी क्षेत्र में शरण ले सकते हैं, इसलिए केवल चुनिंदा इलाकों में कार्रवाई करने के बजाय पूरे शहर में नियमित सत्यापन अभियान चलाना अधिक प्रभावी होगा। इससे पुलिस को वास्तविक सूचनाएं मिलेंगी और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था भी मजबूत होगी।

परवेज़ आलम गांधी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक वार्ड में पुलिस मित्र व्यवस्था को सक्रिय किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां समय पर पुलिस तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच जितना मजबूत संवाद और विश्वास होगा, अपराध नियंत्रण भी उतना ही प्रभावी होगा।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि सत्यापन अभियान को पूरे अंबिकापुर शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से संचालित किया जाए, पुलिस के सूचना एवं संपर्क तंत्र को आधुनिक बनाया जाए तथा प्रत्येक वार्ड में पुलिस मित्र व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।

You may have missed

error: Content is protected !!