अंबिकापुर में बड़ा खुलासा, गरीबों के निवाले पर डाका! शुभम ट्रेडर्स से 105 बोरी पीडीएस चावल जब्त, दुकान सील, अब FIR की तैयारी
अंबिकापुर| गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरामा बैरियर स्थित शुभम ट्रेडर्स पर खाद्य विभाग ने बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। कलेक्टर के सख्त निर्देशों पर की गई इस छापामार कार्रवाई के दौरान दुकान से 105 बोरी अवैध पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) का चावल बरामद किया गया है। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दुकान को सील कर दिया है और पंचनामा तैयार कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की पुख्ता कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गरीबों के हक के चावल पर पल रहा काला कारोबार
शहर में यह कोई छिटपुट मामला नहीं है, बल्कि एक बड़ा और संगठित गिरोह सक्रिय है। पिछले काफी समय से अंबिकापुर में यह सनसनीखेज खेल चल रहा है, जहां बेखौफ ट्रेडर्स संचालक चंद रुपयों के लालच में गरीबों और जरूरतमंदों के हक के निवाले को छीन रहे हैं।

ये मुनाफाखोर ट्रेडर्स पीडीएस दुकान संचालकों की मिलीभगत से गरीबों के कोटे का चावल औने-पौने दामों में खरीद लेते हैं। इसके बाद इस शासकीय चावल की रीसाइकलिंग कर इसे या तो फिरोज दोबारा पीडीएस सिस्टम में या खुले बाजार में खपा दिया जाता है। इस अवैध और भ्रष्टचक्र के जरिए ये व्यापारी सरकार और जनता की आंखों में धूल झोंककर मोटी काली कमाई कर रहे हैं।
प्रशासन का चाबुक, माफियाओं में मचा हड़कंप
कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई ने चावल माफियाओं और कालाबाजारियों के खेमे में भारी हड़कंप मचा दिया है। प्रशासन के इस रुख से साफ है कि गरीबों के हक पर डाका डालने वाले इन सफेदपोश और दुकानदारों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विभाग यह भी खंगाल रहा है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।
