मनेन्द्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा: यात्री बस पेड़ से टकराई, 5 लोगों की मौत, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
सेमरमथानी मोड़ पर हुआ हादसा, करीब 20 यात्री घायल; बस चालक की हालत गंभीर, बस मालिक की घटनास्थल पर मौत
मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 5 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में करीब 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में लगभग 20 यात्री घायल हुए हैं। वहीं, बस मालिक की घटनास्थल पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
केल्हारी थाना क्षेत्र का मामला
यह दुर्घटना केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ की बताई जा रही है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
