प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जी हाजिरी और राशि निकासी का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग
महनई पंचायत में सरपंच-सचिव पर गंभीर आरोप, आवेदक ने जांच कर योजना की राशि वापस कराने की लगाई गुहार
जशपुर/बगीचा। जनपद पंचायत बगीचा अंतर्गत ग्राम पंचायत महनई में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामले को लेकर एक ग्रामीण ने जिला कलेक्टर जशपुर से शिकायत कर सरपंच-सचिव के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता कैलाश यादव ने आरोप लगाया है कि उसके नाम से स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना के मामले में बिना काम कराए फर्जी तरीके से मास्टर रोल तैयार कर राशि निकाली गई।

शिकायत के अनुसार आवेदक ग्राम बिपाटडुरा, ग्राम पंचायत बगीचा का निवासी है और मनरेगा जनपद पंचायत बगीचा क्षेत्र का स्थायी निवासी बताया गया है। आवेदन में उल्लेख है कि उसका प्रधानमंत्री आवास वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुआ था।
आवेदक का आरोप है कि ग्राम महनई के सरपंच-सचिव द्वारा उसके नाम से मास्टर रोल तैयार किया गया और उसके नाम पर मजदूरी की राशि निकाली गई। शिकायत में दावा किया गया है कि उसके नाम से 56 दिन की मजदूरी की राशि निकालकर फर्जी हाजिरी दर्शाई गई, जबकि संबंधित कार्य उसके द्वारा किए जाने से इनकार किया गया है।

फर्जी हाजिरी की जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले को गंभीर अनियमितता बताते हुए जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। आवेदन में सरपंच-सचिव की भूमिका की जांच के साथ-साथ योजना के तहत निकाली गई राशि की भी जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदक ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो शासकीय राशि की वसूली के साथ जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मास्टर रोल और मजदूरी भुगतान में वास्तव में कोई अनियमितता हुई है या नहीं।
