अंबिकापुर: जमीन के फर्जीवाड़े में मामले में तत्कालीन पटवारी पन्ने लाल सोनवानी सहित 3 पर FIR दर्ज
अंबिकापुर: मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेण्ड्राकला में जमीन धोखाधड़ी और सरकारी राजस्व रिकॉर्ड में फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में शासकीय दस्तावेजों में जालसाजी कर जमीन का रकबा बढ़ाने का खेल रचा गया था। मामले की शिकायत और प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भू-स्वामी पाण्डु, बुढ़िया तथा तत्कालीन पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई आरंभ कर दी है।
जालसाजी का पूरा मामला
शिकायतकर्ता ब्रह्मरोड निवासी रमेश कुमार अग्रवाल को ग्राम मेण्ड्राकला स्थित खसरा नंबर 922 की जमीन, जिसका रकबा 0.753 हेक्टेयर बताया गया था, का सौदा किया था। पूरी राशि देकर रजिस्ट्री और नामांतरण कराने के पश्चात जब मौके पर जमीन का सीमांकन कराया गया, तब पीड़ित को पता चला कि जमीन का वास्तविक क्षेत्रफल काफी कम है। इस प्रकार गलत जानकारी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए पीड़ित को लगभग 20 लाख रुपये का सीधा वित्तीय नुकसान एवं मानसिक कष्ट पहुंचाया गया।
सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी का खुलासा
पीड़ित की शिकायत पर कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा द्वारा जांच गठित की गई। जांच समिति की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि वर्ष 2005 से 2007 के दौरान पदस्थ तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी ने पाण्डु और बुढ़िया के नाम पर दर्ज मूल रकबे 0.433 हेक्टेयर के ऊपर ओवरराइटिंग एवं कूटरचना करके उसे 0.753 हेक्टेयर दर्शाया था। इस फर्जी आंकड़े के आधार पर ही पीड़ित को धोखे में रखकर जमीन का विक्रय किया गया था।
पुलिस की वैधानिक कार्रवाई
कलेक्टर द्वारा गठित विशेष जांच दल की रिपोर्ट में शासकीय अभिलेखों में आपराधिक हेरफेर की पुष्टि होने के बाद मणिपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पाण्डु (पिता कल्याण दास), बुढ़िया (पिता कल्याण दास) तथा तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (कूटरचना), 468, 471 तथा 120-B (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत प्राथमिकी (FIR सं. 0171/2026) पंजीबद्ध कर जांच आगे बढ़ा दी है।
