सावधान सरगुजा! रायपुर जेल से छूटकर आया ‘नटवरलाल’ दिलीप यादव का अंबिकपुर में ‘ऑपरेशन ठगी’ शराब दुकानों में नौकरी के नाम पर बेरोजगार को बना रहा अपना शिकार, फील्ड अफसर दुर्गेश सिन्हा पर भी उठ रहे सवाल!
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाने वाला एक बड़ा ठग गिरोह सक्रिय हो गया है। रायपुर से अंबिकापुर पहुंचे इस गिरोह के निशाने पर मुख्य रूप से क्षेत्र के सीधे-सादे आदिवासी युवा हैं। शासकीय शराब दुकानों में प्लेसमेंट कर्मचारी (सुपरवाइजर व सेल्समैन) बनाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये की उगाही की जा रही है। नौकरी की उम्मीद में कई युवा अपनी गाढ़ी कमाई और जमापूंजी गंवा चुके हैं।
ठेका बदलते ही अंबिकापुर में जमाया डेरा
शासकीय शराब दुकानों में प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए ‘Teem HR’ कंपनी को ठेका मिला है। कंपनी के सरगुजा में कार्यभार संभालते ही ठगों का यह गिरोह शहर में सक्रिय हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर का शातिर ठग दिलीप यादव उर्फ तनमय यादव पिछले एक महीने से अंबिकापुर में डेरा डाले हुए है। वह खुद को कंपनी के अधिकारियों का करीबी बताकर युवाओं को अपने जाल में फांस रहा है और नौकरी दिलाने के एवज में मोटी रकम वसूल रहा है।

कंपनी के ‘फील्ड अफसर’ से सांठगांठ का आरोप
इस पूरे खेल में Teem HR कंपनी के फील्ड अफसर दुर्गेश सिन्हा की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। आरोप है कि दिलीप यादव, दुर्गेश सिन्हा के साथ मिलकर इस अवैध वसूली के कारोबार को अंजाम दे रहा है। इतना ही नहीं, पूर्व से पदस्थ प्लेसमेंट कर्मचारियों पर भी दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि हर महीने एक निश्चित रकम की मांग की जा रही है; मना करने पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने या दूर-दराज के इलाकों में ट्रांसफर करने की धमकी दी जा रही है। फील्ड अफसर के इस रवैये से वर्तमान कर्मचारी भी बुरी तरह प्रताड़ित हैं।

खम्हारडीह (रायपुर) थाने से जेल जा चुका है शातिर नटवरलाल
दिलीप यादव कोई नया नाम नहीं है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह पहले भी शराब दुकानों में नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। रायपुर के खम्हारडीह थाना पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये की ठगी के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से छूटते ही उसने अपना ठिकाना बदला और सीधे सरगुजा पहुंचकर फिर से मासूम आदिवासियों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया।
जिला आबकारी अधिकारी की जॉइनिंग बाकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब जिला आबकारी अधिकारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। जानकारी के अनुसार, सरगुजा में नए आबकारी अधिकारी की पदस्थापना हुई है, लेकिन उन्होंने अभी तक पदभार (जॉइनिंग) ग्रहण नहीं किया है।

जनहित में अपील: सतर्क रहें, झांसे में न आएं!
दिलीप यादव और उसका गिरोह तेजी से पांव पसार रहा है। हालांकि ठगी का शिकार हुए कई लोग डर या झिझक के कारण खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। आम जनता और युवाओं से अपील है कि सरकारी या प्लेसमेंट नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें।
