सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा सरगुजा के पर्यटन विकास का उठाया मुद्दा, विधायक रामकुमार टोप्पो ने सरकार से मांगा विकास कार्यों और सुविधाओं का पूरा हिसाब
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सरगुजा जिले के पर्यटन विकास को लेकर सरकार से कई अहम सवाल पूछे। उन्होंने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हुए विकास कार्यों, खर्च की गई राशि, पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और नए पर्यटन स्थलों के विकास की योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा सदन में मांगा।

विधायक टोप्पो ने सरकार से पूछा कि वर्ष 2022 से 15 जून 2026 तक सरगुजा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कितनी राशि स्वीकृत की गई और उसमें से कितनी राशि खर्च हुई। उन्होंने पर्यटन स्थलवार एवं विकासखंडवार पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिले के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के लिए पेयजल, शौचालय, विश्राम गृह, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की वर्तमान स्थिति क्या है। जिन पर्यटन स्थलों पर इन सुविधाओं का अभाव है, वहां सरकार द्वारा क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इसकी जानकारी भी मांगी गई।
इसके अलावा विधायक टोप्पो ने सरकार से पूछा कि सरगुजा में नए पर्यटन स्थलों के विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौन-कौन सी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने इन योजनाओं की विकासखंडवार प्रगति रिपोर्ट, स्वीकृत कार्यों और उनके क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति का भी पूरा विवरण मांगा।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सरगुजा प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहर और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण क्षेत्र है। यदि पर्यटन स्थलों का योजनाबद्ध विकास किया जाए और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठाए गए इस प्रश्न से सरगुजा जिले में पर्यटन विकास की वास्तविक स्थिति, विकास कार्यों पर हुए खर्च और भविष्य की योजनाओं की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। इससे पर्यटन क्षेत्र को अधिक सुदृढ़ और जनहितैषी बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलेगी।
