अंबिकापुर में वासेपुर गैंग का साया! गैंगस्टर को भगाने के आरोप में बस संचालक पर केस, पूरे नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
अंबिकापुर। झारखंड के कुख्यात वासेपुर गैंगस्टर शब्बीर आलम को फरार होने में कथित मदद देने के आरोप में राजहंस बस संचालक बैदुल के खिलाफ अपराध दर्ज होने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस और आरटीओ विभाग ने राजहंस बस संचालक की सभी बसों को जांच के दायरे में ले लिया है। हर बस की तलाशी ली जा रही है और पूरे संचालन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।



जानकारी के अनुसार, बैदुल को गैंगस्टर शब्बीर आलम का रिश्तेदार बताया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड पुलिस भी जांच के लिए अंबिकापुर पहुंची है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूरे मामले की परतें खोलने में जुटी हुई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर शाकिब अफज़ल कथित तौर पर पिछले 15 वर्षों से पहचान बदलकर अंबिकापुर में रह रहा था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और AK-47 से हमले जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

अब पुलिस केवल फरार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क, स्थानीय संपर्कों और कथित मददगारों की भी गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गैंग के सदस्यों को किसने संरक्षण दिया, किसने ठिकाना उपलब्ध कराया और फरारी के दौरान किन लोगों ने उनकी मदद की।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियों ने पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
