भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिल निराला के घर पर बुलडोजर कार्रवाई से पहले उठे सवाल, जनप्रतिनिधियों को जानकारी नहीं होने का दावा
अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव के कथित अतिक्रमण को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन द्वारा 10 जुलाई सुबह 9 बजे कार्रवाई तय किए जाने के बाद अब पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि नगर पंचायत सीतापुर के कई जनप्रतिनिधियों को इस प्रस्तावित कार्रवाई की जानकारी तक नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि नगर पंचायत की ओर से कार्रवाई की जा रही है, तो क्या निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया गया था? क्या पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से अपनाई गई?

प्रशासन की ओर से जारी पत्रों में पुलिस बल और राजस्व अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की तैयारी का उल्लेख है। हालांकि, मामले को लेकर अब राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। संबंधित पक्ष का कहना है कि प्रशासन को इस कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करनी चाहिए और यह स्पष्ट करना चाहिए कि किन नियमों और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिल निराला के समर्थकों का कहना है कि यदि कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप है तो प्रशासन को सभी दस्तावेज और प्रक्रिया सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार के पक्षपात या राजनीतिक उद्देश्य की आशंका न रहे।
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस विवाद और जनप्रतिनिधियों को जानकारी नहीं होने के दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सभी की निगाहें 10 जुलाई को प्रस्तावित कार्रवाई और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
