अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: जलती हाईवा से निकले तीन लोग, हालत गंभीर
@Sumit singh
अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग (एनएच-43) पर स्थित सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतराई के पास आज एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां अचानक एक हाईवा ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन में सवार तीन लोग बुरी तरह झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए जलते हुए वाहन से तीनों घायलों को बड़ी मशक्कत के साथ बाहर निकाला गया। आग की लपटों में बुरी तरह झुलसे तीनों घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए सीतापुर स्थित अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे के कारण एनएच-43 पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन ठप हो गया है। पुलिस द्वारा सड़क से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने और यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
