July 29, 2026

आबकारी उपनिरीक्षक पर अभद्र व्यवहार का आरोप! कर्मचारियों ने 2 घंटे बंद रखी शराब दुकान, राजस्व को नुकसान

20260705_125904
Spread the love

@ सुमित सिंह की कलम से

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के आबकारी विभाग में अधिकारियों की मनमानी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। बतौली शराब दुकान के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने आबकारी उपनिरीक्षक आकाश साहू पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का संगीन आरोप लगाया है। इस विवाद के विरोध में रविवार को कर्मचारियों ने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से दुकान खोली। ऐन वक्त पर शराब दुकान न खुलने से विभाग के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया और अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच खींचतान की स्थिति बनी रही।

उपनिरीक्षक आकाश साहू पर लगे इन आरोपों ने आबकारी विभाग की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, दुकान बंद रहने से शासन को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा है। सरगुजा के इतिहास में यह पहला मामला है जब किसी अधिकारी के व्यवहार से नाराज होकर प्लेसमेंट कर्मचारियों ने शराब दुकान खोलने से ही इनकार कर दिया।

​देर रात शराब दुकान में बवाल, उपनिरीक्षक आकाश साहू घिरे विवादों में

बतौली शराब दुकान के सुपरवाइजर अरविंद यादव ने बताया कि दुकान प्रभारी उपनिरीक्षक आकाश साहू शनिवार रात करीब 10 बजे अचानक दुकान पहुंचे। उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते कर्मचारियों से विवाद शुरू कर दिया और उन पर ‘ओवर रेटिंग’ (तय कीमत से अधिक दाम पर शराब बेचना) का झूठा आरोप लगाते हुए कार्रवाई की धमकी दी। कर्मचारियों का आरोप है कि आकाश साहू ने उन्हें रात करीब 1 बजे तक दुकान में बंधक जैसी स्थिति में रखा, घर नहीं जाने दिया और लगातार अभद्र व्यवहार करते रहे।

इसके बाद, उन्होंने रविवार सुबह सुपरवाइजर सहित सभी कर्मचारियों को अंबिकापुर स्थित कंट्रोल रूम में तलब होने का फरमान सुना दिया। इस निर्देश के कारण सुबह कर्मचारी बतौली दुकान खोलने के बजाय उपनिरीक्षक के समक्ष हाजिरी देने अंबिकापुर पहुंच गए, जिसके चलते दुकान समय पर नहीं खुल सकी।

2 घंटे बंद रही दुकान, परेशान होते रहे मदिराप्रेमी

आबकारी उपनिरीक्षक और कर्मचारियों के बीच उपजे इस विवाद का सीधा असर दुकान के संचालन पर पड़ा। सरकारी नियमों के मुताबिक शराब दुकान खुलने का समय सुबह 10:00 बजे है, लेकिन रविवार को बतौली दुकान दो घंटे की देरी से खुली। इस दौरान दुकान के बाहर मदिराप्रेमियों की भारी भीड़ जमा रही और वे परेशान होते रहे।

कर्मचारियों का पक्ष:

“उपनिरीक्षक आकाश साहू शनिवार रात करीब 10:00 बजे दुकान आए थे। उस समय कुछ ग्राहक मौजूद थे। उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते हम पर ओवर रेटिंग का झूठा आरोप लगाया और गाली-गलौज की। हमारे द्वारा कोई ओवर रेटिंग नहीं की जा रही थी। उन्होंने हमें रात 1:00 बजे तक परेशान किया और सुबह फिर दफ्तर बुला लिया।”

— अरविंद यादव, सुपरवाइजर (बतौली शराब दुकान)

​अधिकारी का पक्ष:

“दुकान खुली हुई है। मैं इस विषय पर अभी कुछ नहीं कहूंगा। आप कंट्रोल रूम आइए, वहीं पूरी जानकारी दूंगा।”

— आकाश साहू, आबकारी उपनिरीक्षक

You may have missed

error: Content is protected !!