भफौली दुष्कर्म मामले पर सियासत तेज: कांग्रेस ने भाजपा जिला महामंत्री के बयान को बताया भ्रामक, सार्वजनिक माफी की मांग
अंबिकापुर। भफौली में नाबालिग से दुष्कर्म के चर्चित मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री द्वारा 31 जुलाई 2026 को दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उसे असत्य, भ्रामक और बिना दस्तावेजी प्रमाण के दिया गया वक्तव्य बताया है।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा जिला महामंत्री ने मामले के आरोपी तरुण जायसवाल को कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया, जबकि कांग्रेस का दावा है कि यह आरोप पूरी तरह निराधार है और इसका उद्देश्य शहर के नागरिकों को भ्रमित करना है।

कांग्रेस ने अपने बयान में दावा किया है कि आरोपी तरुण जायसवाल पूर्व में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा भफौली का प्रतिनिधित्व करता रहा है। साथ ही, कांग्रेस का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर आरोपी की भाजपा के कार्यक्रमों और वरिष्ठ नेताओं के साथ मौजूदगी के कई प्रमाण उपलब्ध हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि आरोपी की कथित राजनीतिक पृष्ठभूमि को छिपाने के लिए भाजपा की ओर से यह बयान जारी किया गया है। कांग्रेस ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा जिला महामंत्री और भाजपा संगठन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

फिलहाल भाजपा की ओर से कांग्रेस के इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में दोनों दलों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
